*लखनऊ।* डिजिटल शिक्षा और तकनीक आधारित छात्र सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विद्यार्थियों के पहचान पत्र (Student Identity Cards) को राष्ट्रीय शैक्षणिक डिपॉजिटरी (NAD)-DigiLocker पोर्टल पर उपलब्ध करा दिया है। अब विद्यार्थी अपने पहचान पत्र को डिजिटल माध्यम से सुरक्षित रूप से प्राप्त कर सकेंगे। इन डिजिटल पहचान पत्रों में विद्यार्थियों की आवश्यक व्यक्तिगत एवं संस्थागत जानकारी के साथ उनकी APAAR ID भी सम्मिलित की गई है। यह पहल केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया अभियान तथा उच्च शिक्षा में डिजिटल सेवाओं के विस्तार की दिशा में विश्वविद्यालय का महत्वपूर्ण प्रयास है।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अजय तनेजा ने कहा कि *“डिजिटल तकनीक आज उच्च शिक्षा की आवश्यकता ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को सशक्त बनाने का एक प्रभावी माध्यम भी है। DigiLocker पर विद्यार्थियों के पहचान पत्र उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की डिजिटल रूपांतरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक पहचान पत्र तक सुरक्षित, सरल और सुविधाजनक पहुंच मिलेगी तथा कागजी दस्तावेजों पर निर्भरता कम होगी। हमारा प्रयास है कि विश्वविद्यालय की प्रत्येक सेवा अधिक पारदर्शी, सुलभ और विद्यार्थी-केंद्रित बने।”*

इस पहल को उत्तर प्रदेश की माननीय कुलाधिपति एवं राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के प्रोत्साहन तथा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा के मार्गदर्शन में आगे बढ़ाया गया। इसमें परीक्षा नियंत्रक श्री विकास एवं उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. अताउर रहमान का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

विश्वविद्यालय में ABC/NAD-DigiLocker के नोडल अधिकारी डॉ. रज़ा अब्बास हैदरी ने इस पहल के समन्वय एवं क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, उत्तर प्रदेश के NAD/ABC DigiLocker राज्य समन्वयक श्री प्रशांत दीक्षित ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। विद्यार्थियों के डाटा को व्यवस्थित एवं तैयार करने का कार्य कंप्यूटर ऑपरेटर श्री राजेंद्र रावल ने समर्पित रूप से किया।

विश्वविद्यालय की यह पहल डिजिटल शैक्षणिक आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने, विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने तथा उच्च शिक्षा में पारदर्शिता एवं सुगमता सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।