ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की आधुनिक तकनीकों एवं उनके व्यावहारिक उपयोग से परिचित कराने के उद्देश्य से गुरुवार को दो घंटे के ‘Prompt Lab: AI Masterclass’ का आयोजन कुलपति प्रो अजय तनेजा के सरंक्षण में किया गया। यह मास्टरक्लास प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित हुई।

मास्टरक्लास का संचालन बी.कॉम तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों अंशदीप सिंह एवं वंशिका पांडेय ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मूल अवधारणाओं, बदलते शैक्षणिक एवं व्यावसायिक परिदृश्य में इसकी उपयोगिता तथा विभिन्न AI टूल्स के व्यावहारिक प्रयोग के बारे में जानकारी दी। इस दौरान GPT-6 Astra, Google Flow एवं Claude सहित विभिन्न AI टूल्स की कार्यप्रणाली और उपयोगिता से प्रतिभागियों को अवगत कराया गया. कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण Prompt Writing रहा। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को बताया कि AI से बेहतर और अपेक्षित परिणाम प्राप्त करने के लिए स्पष्ट, सटीक एवं प्रभावी Prompt तैयार करना क्यों आवश्यक है। उन्होंने ChatGPT पर विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से Prompt तैयार करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया तथा अकादमिक एवं व्यावसायिक कार्यों में AI टूल्स के प्रभावी उपयोग के व्यावहारिक तरीके समझाए।

कार्यक्रम के प्रारंभ में डॉ. रुचिता सुजाई चौधरी ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत करते हुए वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलती तकनीकी दुनिया में विद्यार्थियों के लिए उभरती तकनीकों की जानकारी और उनके जिम्मेदार एवं प्रभावी उपयोग की समझ विकसित करना अत्यंत आवश्यक है।इस अवसर पर डॉ. शचीन्द्र शेखर एवं डॉ. नसीब की उपस्थिति एवं सहभागिता भी रही। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी बदलावों के साथ स्वयं को निरंतर अपडेट रखने तथा AI जैसी उभरती तकनीकों का उपयोग रचनात्मक एवं जिम्मेदार तरीके से करने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. सैयद काज़िम रिज़वी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए वक्ताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के व्यावहारिक एवं कौशल-आधारित कार्यक्रम विद्यार्थियों को बदलते अकादमिक एवं पेशेवर परिवेश के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।