ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में गुरुवार को आयोजित एल्यूमनी मीट-कम-म्यूज़िकल ईवनिंग में वर्षों बाद परिसर लौटे पूर्व विद्यार्थियों की पुरानी यादें फिर जीवंत हो उठीं। किसी ने अपनी पुरानी कक्षा में पहुंचकर छात्र जीवन के किस्से साझा किए तो किसी ने दोस्तों के साथ कैंटीन में बैठकर बीते दिनों को याद किया। ‘Message Wall’, ‘Play Cards’, ‘Reconnect 2026’ और ‘Alumni Connect’ जैसी पहलों ने इस होमकमिंग को भावनात्मक और यादगार बना दिया।

पूर्व विद्यार्थियों ने अपने पुराने विभागों, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं और मीडिया स्टूडियो का भ्रमण किया। आधुनिक सुविधाओं और विश्वविद्यालय में हुए बदलावों को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। वर्तमान विद्यार्थियों से संवाद के दौरान एल्यूमनी ने अपने अनुभव साझा किए और विश्वविद्यालय से जुड़े अपने पुराने संस्मरणों को याद किया।

कैंटीन में फिर सुनाई दिए पुराने किस्से

विश्वविद्यालय की कैंटीन एल्यूमनी के लिए खास आकर्षण रही। कभी चाय की चुस्कियों और दोस्तों के साथ घंटों बातचीत का केंद्र रही कैंटीन में पहुंचते ही पूर्व विद्यार्थी पुराने किस्से साझा करते नजर आए। वर्षों बाद अपने पुराने ठिकाने पर लौटने का अनुभव उनके लिए भावुक कर देने वाला रहा।

शिक्षकों के नाम लिखे दिल की बातें

कार्यक्रम में लगाए गए ‘Message Wall’ पर एल्यूमनी ने अपने प्रिय शिक्षकों के नाम संदेश लिखे। किसी ने शिक्षक की कक्षा से जुड़ी स्मृति साझा की तो किसी ने उनके मार्गदर्शन और प्रोत्साहन को जीवन की दिशा बदलने वाला अनुभव बताया। संदेशों में गुरु-शिष्य संबंध की आत्मीयता और वर्षों बाद भी कायम सम्मान दिखाई दिया।

Play Cards ने बढ़ाया होमकमिंग का उत्साह

“Once a Chishtian, Always a Chishtian”, “Back to My Alma Mater”, “Proud Chishtian” और “My University, My Memories” जैसे संदेशों वाले Play Cards के साथ एल्यूमनी ने जमकर तस्वीरें खिंचवाईं। पुराने मित्रों और सहपाठियों के साथ समूह तस्वीरों ने परिसर में उत्सव का माहौल बना दिया।

‘Reconnect 2026’ और ‘Alumni Connect’ की शुरुआत

समारोह में विश्वविद्यालय के प्रथम एल्यूमनी न्यूज़लेटर ‘Reconnect 2026’ का अनावरण किया गया। इसमें पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों, अनुभवों और संस्मरणों को संजोया गया है। इसका संयोजन एवं संपादन डॉ. रुचिता सुजय चौधरी ने किया।

वहीं, ‘Alumni Connect’ पोर्टल का शुभारंभ विश्वविद्यालय और पूर्व विद्यार्थियों के बीच डिजिटल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में किया गया। पोर्टल के माध्यम से एल्यूमनी नेटवर्किंग, मेंटरशिप और नॉलेज शेयरिंग से जुड़ सकेंगे तथा वर्तमान विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव और विशेषज्ञता साझा कर सकेंगे।

अटल हॉल में संगीत और संस्मरणों से सजी शाम

अटल हॉल में आयोजित मुख्य समारोह में कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने एल्यूमनी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय से विद्यार्थियों का रिश्ता डिग्री मिलने के साथ समाप्त नहीं होता, बल्कि इसके बाद विश्वविद्यालय और एल्यूमनी के बीच सहयोग और सहभागिता का नया अध्याय शुरू होता है। उन्होंने पूर्व विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय के विकास और वर्तमान विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।प्रसिद्ध गायक मिथिलेश श्रीवास्तव की भजन और सूफी संगीत प्रस्तुतियों ने शाम को सुरों से सजा दिया। एल्यूमनी ने भी अपने अनुभव और संस्मरण साझा किए।

कार्यक्रम की संयोजक डॉ. रुचिता सुजय चौधरी, प्रभारी, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग रहीं। इस अवसर पर कुलसचिव श्री विकास, वित्त अधिकारी संतोष कुमार, साहिल अहमद, प्रो. मसूद आलम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी और पूर्व विद्यार्थी उपस्थित रहे.