11 अगस्त को आयोजित होगा एमएसडीयू का तृतीय दीक्षांत समारोह, उसके पूर्व आयोजित होगा ‘दीक्षोत्सव’ : कुलपति प्रो. संजीव कुमार
आजमगढ़, 31 जुलाई। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय (एमएसडीयू), आजमगढ़ का तृतीय दीक्षांत समारोह आगामी 11 अगस्त 2026 को आयोजित होगा। इसके पूर्व उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप विश्वविद्यालय में ‘दीक्षोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने बताया कि दीक्षोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ किया जाएगा।
कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि वितरण का अवसर नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन में नई जिम्मेदारियों के शुभारंभ का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इसी उद्देश्य से दीक्षोत्सव के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर एवं संबद्ध महाविद्यालयों में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, परंपरागत खेल, निबंध, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताएँ, जन-जागरूकता कार्यक्रम तथा विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में स्थानीय विद्यालयों एवं समाज की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ संस्कार, सामाजिक सरोकार और नवाचार को समान महत्व देता है। दीक्षोत्सव विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनभागीदारी जैसे विषयों के प्रति जागरूक करेगा।
कुलपति ने विश्वविद्यालय के सभी संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, अधिकारियों तथा संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों से राज्यपाल सचिवालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप दीक्षोत्सव के सभी कार्यक्रमों का सफल एवं गरिमामय आयोजन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 11 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाला विश्वविद्यालय का तृतीय दीक्षांत समारोह तथा उससे पूर्व आयोजित दीक्षोत्सव विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, सामाजिक प्रतिबद्धता और सांस्कृतिक गौरव का प्रेरणादायी उदाहरण बनेगा।