केंद्र सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) को "डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी" का दर्जा प्रदान किया है।
यह फैसला विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की सिफारिश पर लिया गया। मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, NCERT को एक विशेष श्रेणी के तहत यह दर्जा दिया गया है।
इस निर्णय में NCERT के छह प्रमुख संस्थान शामिल हैं: अजमेर, भोपाल, भुवनेश्वर, मैसूर और शिलॉन्ग के क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान, साथ ही भोपाल का पंडित सुंदरलाल शर्मा केंद्रीय व्यावसायिक शिक्षा संस्थान।
सरकार का कहना है कि इस कदम से शिक्षा और शोध के क्षेत्र में गुणवत्ता को और मजबूती मिलेगी और अध्ययन व अनुसंधान के अवसर बढ़ेंगे।