पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय की प्रोफेसर को चीन के विश्वविद्यालय में पंजाबी भाषा पढ़ाने का निमंत्रण
बठिंडा, 18 मार्च: भारतीय भाषाओं को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर प्रयासरत पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय, बठिंडा की एक प्रोफेसर को चीन के एक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय द्वारा पंजाबी भाषा पढ़ाने के लिए आमंत्रित किया गया है। पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय के पंजाबी विभाग में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत तथा स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज, लिटरेचर एंड कल्चर की पूर्व डीन प्रो. ज़मीरपाल कौर संधू बाजवा को बीजिंग फॉरेन स्टडीज़ यूनिवर्सिटी (बीएफएसयू), चीन ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए पंजाबी भाषा और दक्षिण एशियाई अध्ययन की विदेशी विशेषज्ञ (फॉरेन एक्सपर्ट) के रूप में आमंत्रित किया है।
विश्वविद्यालय से अनुमोदन प्राप्त करने के उपरांत प्रो. ज़मीरपाल कौर शैक्षणिक दौरे पर बीजिंग फॉरेन स्टडीज़ यूनिवर्सिटी (बीएफएसयू), चीन के लिए प्रस्थान कर चुकी हैं। चीन में प्रवास के दौरान वह पंजाबी भाषा तथा पंजाब के इतिहास एवं संस्कृति से संबंधित पाठ्यक्रम पढ़ाएँगी, पंजाबी भाषा की शिक्षण सामग्री का संकलन करेंगी, दक्षिण एशियाई भाषा कार्यक्रमों के स्नातक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगी तथा चीनी शिक्षकों को पंजाबी भाषा शिक्षण के प्रशिक्षण में सहयोग प्रदान करेंगी। प्रो. ज़मीरपाल कौर के चीन प्रवास के दौरान बीएफएसयू उनके आने-जाने (राउंड ट्रिप) और रहने की व्यवस्था करेगा, जबकि उनका वेतन पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा जारी रहेगा।
इस उपलब्धि पर प्रो. ज़मीरपाल कौर को बधाई देते हुए पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राघवेंद्र प्रसाद तिवारी ने इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाबी भाषा के प्रचार-प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक सहयोग भारतीय भाषाओं और शोध को वैश्विक शैक्षणिक संस्थानों में नई पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होंगे।