ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के गृह विज्ञान विभाग द्वारा दिव्यांग बच्चों के सहयोग हेतु एक सराहनीय पहल करते हुए ‘दृष्टि संस्थान’ को आवश्यक वस्तुओं का दान किया गया। यह कार्यक्रम माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा के संरक्षण एवं विभागाध्यक्ष प्रो. तत्हीर फ़ात्मा के निर्देशन में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर एम.ए. गृह विज्ञान के पाठ्यक्रम “विशेष आवश्यकता वाले बच्चों” के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए एक शैक्षिक भ्रमण का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ना था, जिससे वे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझ सकें तथा उनके भीतर सहानुभूति, संवेदनशीलता और सेवा की भावना का विकास हो सके।

‘दृष्टि संस्थान’ में बच्चों के साथ बिताया गया समय विद्यार्थियों के लिए अत्यंत भावुक और प्रेरणादायक रहा। इन बच्चों के साहस, आत्मविश्वास और जीवन के प्रति उत्साह ने सभी को गहराई से प्रभावित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने न केवल उनकी आवश्यकताओं को समझा, बल्कि उनके साथ समय बिताकर सामाजिक समावेशन के महत्व को भी अनुभव किया।

इस आयोजन को सफल बनाने में डॉ. कल्पना देवी, डॉ. कीर्तिमा सचान एवं डॉ. अंजलि सिंह का विशेष योगदान एवं मार्गदर्शन रहा।

गृह विज्ञान विभाग की इस पहल का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के जीवन में सहयोग, आशा और सकारात्मक परिवर्तन लाना है। विभाग ने भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक कार्यों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

यह दान अभियान करुणा, सहानुभूति एवं सामाजिक समावेशन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरक कदम सिद्ध होगा।