सुविवि में परीक्षा व प्रवेश समिति की अहम बैठक: तीन पालियों में होंगी परीक्षाएं, समर्थ पोर्टल से होंगे प्रवेश

Update: 2026-04-03 15:35 GMT


आजमगढ़। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय में सम-सेमेस्टर 2025-26 की परीक्षाओं एवं सत्र 2026-27 के प्रवेश को लेकर आयोजित बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कुलपति प्रो. संजीव कुमार की अध्यक्षता में हुई परीक्षा समिति की बैठक में तय किया गया कि परीक्षाएं तीन पालियों में आयोजित होंगी तथा प्रश्नपत्र लिखित स्वरूप में होंगे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विश्वविद्यालय परिसर एवं संबद्ध महाविद्यालयों की परीक्षाएं एक साथ संपन्न कराई जाएंगी। कुलपति ने केंद्राध्यक्षों को परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के साथ-साथ भीषण गर्मी को देखते हुए शीतल पेयजल, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश, पंखों तथा सीसीटीवी (वॉइस रिकॉर्डर युक्त) की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्र निर्धारण में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

वहीं, प्रवेश समिति की बैठक में सत्र 2026-27 के लिए सभी प्रवेश समर्थ पोर्टल के माध्यम से कराने का निर्णय लिया गया। नव-प्रवेशी छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रवेश विवरणिका तैयार कर व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया गया।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पारदर्शिता एवं प्रवेश प्रक्रिया की सुगमता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

Similar News