कानपुर । छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के भाषा संकाय में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर, प्रमाणपत्र एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है। भाषा संकाय द्वारा संचालित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में भाषाई दक्षता, साहित्यिक समझ, सांस्कृतिक जागरूकता एवं शोध क्षमता का विकास करना है।
संकाय में स्नातक स्तर पर बीए (ऑनर्स) अंग्रेजी, बीए (ऑनर्स) हिंदी तथा बीए (कॉम्बिनेशन/ऑनर्स/ऑनर्स विद रिसर्च) कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। बीए अंग्रेजी में 60 सीटें एवं लगभग 26 हजार रुपये वार्षिक शुल्क निर्धारित है, जबकि बीए हिंदी में 30 सीटें एवं लगभग 11 हजार रुपये फीस है। बीए कॉम्बिनेशन/ऑनर्स कार्यक्रम में 60 सीटें एवं लगभग 16 हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। स्नातकोत्तर स्तर पर एमए अंग्रेजी, एमए हिंदी, एमए संस्कृत, एमए जैन दर्शन एवं एमए प्राकृत जैसे दो वर्षीय कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें 30 से 60 सीटें उपलब्ध हैं तथा वार्षिक शुल्क लगभग 6 हजार से 13 हजार रुपये के बीच निर्धारित है। इसके साथ ही
जर्मन एवं फ्रेंच भाषा के एक वर्षीय प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम (20-20 सीटें) तथा सहज बोध पाणिनी व्याकरण सहित अन्य प्रमाणपत्र एवं डिप्लोमा कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इन पाठ्यक्रमों की अवधि एक से दो वर्ष के बीच है तथा शुल्क 2,500 रुपये से 16,000 रुपये तक निर्धारित है। सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश मेरिट के आधार पर किया जाएगा। स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए इंटरमीडिएट पास होना जरूरी है, जबकि स्नातकोत्तर कार्यक्रमों के लिए स्नातक डिग्री आवश्यक है। संकाय में आधुनिक भाषा प्रयोगशाला (लैंग्वेज लैब) की सुविधा उपलब्ध है, जिससे विद्यार्थियों को उच्चारण एवं संप्रेषण कौशल विकसित करने में सहायता मिलती है। इसके साथ ही
विद्यार्थियों को शोध, अनुवाद एवं संचार आधारित प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है। इन पाठ्यक्रमों को पूर्ण करने के बाद विद्यार्थियों के लिए शिक्षण, शोध, अनुवाद, पत्रकारिता, कंटेंट लेखन, कॉर्पोरेट क्षेत्र एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं। भाषा संकाय के निदेशक ने बताया कि संकाय विद्यार्थियों को बहुभाषीय दक्षता, सांस्कृतिक समझ एवं वैश्विक दृष्टिकोण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ये कार्यक्रम विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ बेहतर करियर अवसर भी प्रदान करेंगे।