सीएसजेएमयू में कृषि व फूड टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुरू

Update: 2026-04-07 14:01 GMT



कानपुर । छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक कृषि तकनीकों, प्रबंधन कौशल एवं खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में दक्ष बनाना है, जिससे वे रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।

विश्वविद्यालय द्वारा संचालित पाठ्यक्रमों में एमएससी कृषि (मृदा विज्ञान) एवं एमएससी कृषि (पादप रोग विज्ञान) प्रमुख हैं, जिनमें 10-10 सीटें निर्धारित की गई हैं। दोनों पाठ्यक्रमों की अवधि दो वर्ष है तथा वार्षिक शुल्क 51,200 रुपये रखा गया है। इन पाठ्यक्रमों में मृदा प्रबंधन, फसल रोग नियंत्रण एवं कृषि अनुसंधान से संबंधित विषयों का अध्ययन कराया जाएगा। इसके अलावा बीएससी (ऑनर्स) फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी चार वर्षीय पाठ्यक्रम है, जिसमें 40 सीटें उपलब्ध हैं। इसकी वार्षिक फीस 41,200 रुपये निर्धारित की गई है। इस पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को खाद्य संरक्षण, गुणवत्ता नियंत्रण एवं प्रोसेसिंग तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट (एमबीए-एबीएम) में भी 40 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। यह दो वर्षीय पाठ्यक्रम है, जिसकी वार्षिक फीस 71,200 रुपये निर्धारित की गई है। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों को कृषि आधारित व्यवसाय, मार्केटिंग, वित्त एवं सप्लाई चेन प्रबंधन का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

इनके अतिरिक्त विश्वविद्यालय में बीएससी (ऑनर्स) एग्रीकल्चर, एमएससी (कृषि) एग्रोनॉमी, हॉर्टिकल्चर (फल, सब्जी एवं फ्लोरीकल्चर) तथा फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी के अन्य पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।

सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश संबंधित योग्यता के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट या प्रवेश कार्यालय से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। स्कूल ऑफ एडवांस एग्रीकल्चर साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉ. हिमांशु त्रिवेदी ने बताया कि वर्तमान समय में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में विशेषज्ञता की मांग तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के ये पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को वैज्ञानिक एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाते हुए उन्हें उद्योग एवं रोजगार के लिए तैयार करेंगे।

Similar News