भाषा विवि में सम सेमेस्टर की परीक्षाओं का कुलपति ने किया निरीक्षण

Update: 2026-05-06 12:00 GMT


ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में संचालित सम सेमेस्टर परीक्षाओं की व्यवस्था का कुलपति प्रो. अजय तनेजा द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं, अनुशासन, प्रश्नपत्र वितरण प्रक्रिया तथा परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया।

कुलपति प्रो तनेजा ने विभिन्न परीक्षा कक्षों का भ्रमण करते हुए विद्यार्थियों से संवाद किया और परीक्षा संबंधी अनुभवों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए परीक्षा नियंत्रक एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है कि परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न हों, जिससे विद्यार्थियों को एक निष्पक्ष वातावरण प्राप्त हो सके। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था तथा समयबद्ध प्रश्नपत्र वितरण की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक, केंद्राध्यक्ष एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने मिलकर परीक्षा व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने में अपनी भूमिका निभाई।

परीक्षा नियंत्रक विकास ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा के दौरान नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधियों से दूर रहें।वहीं केंद्राध्यक्ष डॉ राजेन्द्र त्रिपाठी ने बताया आज कुल 2326 विद्यार्थियों में से 2310 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित रहे . प्रो त्रिपाठी के अनुसार सम सेमेस्टर की परीक्षाएं विश्वविद्यालय में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो रही हैं।

Similar News