भाषा विश्वविद्यालय के छात्र अमन की दूसरी बार विधानसभा में गूंजी आवाज,जमकर मिली सराहना

Update: 2026-05-18 14:21 GMT


ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय लखनऊ में एल एल. एम. के छात्र एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक अमन कुमार त्रिपाठी ने 1 से 3 मई तक उत्तर प्रदेश विधानसभा सदन में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय,भारत सरकार के अधीन माय भारत द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य विकसित भारत युवा संसद, 2026 में प्रतिभाग किया। अमन ने दूसरी बार उत्तर प्रदेश के 75 जनपदों से चयनित 375 युवाओं के मध्य "केंद्रीय बजट -2026:विकसित भारत के लिए युवाओं का मार्ग प्रशस्त करता है" विषय पर 3 मिनट में भाषण देकर शानदार प्रदर्शन किया।

विधानसभा से अमन के लाइव प्रसारण को कुलपति सहित विश्वविद्यालय परिवार ने देखा और सुना तथा अपने विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि छात्र को विधायिका के समृद्ध मंच तक पहुंचने पर गर्व की अनुभूति की। अमन की इस दोहरी उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.अजय तनेजा,कुलसचिव डॉ. महेश कुमार,प्रभारी- राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ. नलिनी मिश्रा,विभागाध्यक्ष- विधि संकाय डॉ. पीयूष त्रिवेदी सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकों,विद्यार्थियों, कर्मचारियों सहित सम्पूर्ण विश्वविद्यालय परिवार ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की।

उल्लेखनीय यह भी है कि अभी हाल ही में अमन को महामहिम राज्यपाल द्वारा जन भवन के एक विशेष कार्यक्रम में आमंत्रित भी किया गया था तथा अमन इससे पूर्व कार्यपालिका के समृद्ध मंच तक भी पहुंच चुके हैं,जहां जनभवन लखनऊ में ही महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी द्वारा आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में भी अमन ने दो बार विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया है। अमन ने विश्वविद्यालय में 2 वर्षीय विधि छात्र अध्ययन के तौर पर अब तक राज्य और राष्ट्रीय मंचों सहित 20 से अधिक मंचों पर विश्वविद्यालय का परचम लहराया है।

Similar News