नए वित्ताधिकारी शैलेश गिरि ने संभाला कार्यभार, वित्तीय पारदर्शिता और संसाधन प्रबंधन को बताया प्राथमिकता
आजमगढ़, दिनांक 03/06/2026 ,महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के नव नियुक्त वित्ताधिकारी शैलेश गिरी ने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने विश्वविद्यालय की वित्तीय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं दक्ष बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। शैलेश गिरी जी यहाँ आने के पहले लखनऊ स्थित जवाहर भवन में मेडिकल शिक्षा में वित्ताधिकारी के पद पर कार्य कर चुके हैं | महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय की शुरुआत जब डीएवी कॉलेज आजमगढ़ में हुई थी, तो शैलेश गिरी जी इसी विश्वविद्यालय के वित्ताधिकारी रह चुके हैं |
शैलेश गिरी ने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय के समग्र विकास में वित्तीय अनुशासन एवं संसाधनों का प्रभावी प्रबंधन अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उनकी प्राथमिकताओं में वित्तीय प्रबंधन को सुदृढ़ करना, बजट निर्माण एवं संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करना, आय-व्यय की पारदर्शी व्यवस्था विकसित करना तथा सभी वित्तीय प्रक्रियाओं को शासन एवं विश्वविद्यालय के नियमों के अनुरूप संचालित करना शामिल है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में डिजिटल वित्तीय प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे भुगतान, लेखांकन एवं वित्तीय निगरानी की प्रक्रियाएं सरल, त्वरित एवं पारदर्शी बन सकें। उन्होंने समयबद्ध वेतन एवं अन्य भुगतानों के निस्तारण, ऑडिट संबंधी मामलों के समाधान तथा वित्तीय जवाबदेही को मजबूत करने पर भी विशेष बल दिया।
नव नियुक्त वित्ताधिकारी ने कहा कि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, शोध एवं आधारभूत संरचना विकास के लिए उपलब्ध संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, विभिन्न सरकारी योजनाओं, अनुदानों एवं अन्य स्रोतों से वित्तीय संसाधन प्राप्त करने की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाएगा, ताकि विश्वविद्यालय की विकास योजनाओं को नई गति मिल सके।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया है कि शैलेश गिरी के अनुभव, प्रशासनिक दक्षता एवं वित्तीय प्रबंधन कौशल से विश्वविद्यालय की वित्तीय व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा संस्थान के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी| इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार , जग नारायण झा (निर्वतमान वित्ताधिकारी का अतिरिक्त प्रभार),परीक्षा नियंत्रक आनंद मौर्या और सहायक कुलसचिव डॉ.महेश कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे |