केएमसी भाषा विश्वविद्यालय में वरिष्ठ नागरिकों हेतु योगाभ्यास एवं “वॉकाथॉन फॉर योग” का आयोजन

Update: 2026-06-16 14:27 GMT


लखनऊ, 16 जून 2026:ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष योगाभ्यास सत्र एवं “वॉकाथॉन फॉर योग” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा विभागाध्यक्ष डॉ. मोहम्मद शाहरिक एवं सहायक आचार्य डॉ. हसन मेहंदी के नेतृत्व में किया गया। इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों के महत्व को रेखांकित करना रहा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास एवं वॉकाथॉन में सक्रिय सहभागिता की। योगाभ्यास का प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन योग विशेषज्ञ श्री वैभव स्वर्णकार द्वारा कराया गया, जिसमें प्रतिभागियों को विभिन्न आसनों एवं प्राणायाम की विधियों से अवगत कराया गया।

इस अवसर पर माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने अपने संदेश में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है, बल्कि मन को भी शांति एवं जीवन में संतुलन प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रेरणादायक है और उन्हें नियमित योगाभ्यास अपनाने के लिए प्रोत्साहित करती है।

कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Similar News