सीएसजेएमयू में बी.एससी.(ऑनर्स) गृह विज्ञान पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रारम्भ
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 से स्कूल ऑफ एडवांस्ड एग्रीकल्चर साइंस एंड टेक्नोलॉजी (SAAST) के अंतर्गत चार वर्षीय बी.एससी. (ऑनर्स) गृह विज्ञान पाठ्यक्रम को प्रारम्भ किया जा रहा है। विश्वविद्यालय इस कार्यक्रम में 40 सीटों पर प्रवेश प्रदान करेगा तथा इसकी वार्षिक शुल्क ₹41,200/- निर्धारित की गई है। इस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का विज्ञान, कला, कृषि एवं वाणिज्य वर्ग से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना आवश्यक है। यह बहुआयामी एवं रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम विद्यार्थियों को पोषण, स्वास्थ्य, परिवार प्रबंधन, बाल विकास, वस्त्र एवं परिधान तथा सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक, तकनीकी एवं व्यावसायिक ज्ञान प्रदान करेगा। पाठ्यक्रम के अंतर्गत खाद्य एवं पोषण विज्ञान, गृह प्रबंधन, मानव विकास, वस्त्र विज्ञान तथा प्रसार शिक्षा जैसे प्रमुख विषयों का अध्ययन कराया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों में विषयगत दक्षता के साथ-साथ आधुनिक जीवनशैली एवं समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशलों का विकास हो सके।
संस्थान के निदेशक डॉ हिमांशू त्रिवेदी ने बताया कि बी.एससी. (ऑनर्स) गृह विज्ञान पाठ्यक्रम विद्यार्थियों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार दोनों दृष्टियों से अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। इस पाठ्यक्रम को पूर्ण करने के पश्चात विद्यार्थी डाइटिशियन, न्यूट्रिशनिस्ट, फूड इंस्पेक्टर, इंटीरियर डिजाइनर, फैशन डिजाइनर, काउंसलर, शिक्षक, होटल प्रबंधन विशेषज्ञ, उद्यमी तथा विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं में आकर्षक रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही, स्वरोजगार एवं स्टार्टअप स्थापित करने की भी व्यापक संभावनाएँ उपलब्ध होंगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस कार्यक्रम के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के बाद विद्यार्थी एम.एससी., पीएच.डी. एवं अन्य उच्च शिक्षा कार्यक्रमों में प्रवेश लेकर शोध, शिक्षण एवं अकादमिक क्षेत्र में अपना उज्ज्वल भविष्य बना सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी बी.एससी. (ऑनर्स) गृह विज्ञान पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.csjmu.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
वहीं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.विनय कुमार पाठक का कहना है कि नयी शिक्षा नीति के अनुरूप हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को ज्ञान, कौशल और रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराना है। होम साइंस ऐसा विषय है जो परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है। यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करेगा। इसके माध्यम से हमारे विद्यार्थी न केवल अकादमिक उत्कृष्टता प्राप्त करेंगे, बल्कि स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, अनुसंधान और स्वरोजगार के क्षेत्र में भी नई उपलब्धियाँ हासिल करेंगे। विश्वविद्यालय उन्हें आधुनिक प्रयोगशालाओं, अनुभवी शिक्षकों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण संसाधनों से समृद्ध वातावरण प्रदान करने में अपना पूरा प्रयास करेगा।