समयबद्ध और पारदर्शी परीक्षा परिणाम हमारी पहचान; अंकपत्र भी जल्द होंगे उपलब्ध — परीक्षा नियंत्रक
आजमगढ़, 23 जून। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय (एमएसडीयू), आजमगढ़ ने स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष के सभी विषयों के परीक्षा परिणाम एक साथ घोषित कर दिए हैं। परिणाम जारी होते ही हजारों छात्रों, अभिभावकों और संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों में खुशी की लहर दौड़ गई। समय पर परिणाम घोषित होने से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, शोध प्रवेश एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बड़ी राहत मिली है।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी परिणामों में अंग्रेजी, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत, प्राणी विज्ञान, उर्दू, अरबी, दर्शनशास्त्र, रक्षा अध्ययन, प्राचीन भारतीय इतिहास तथा मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास सहित सभी विषय शामिल हैं। परीक्षार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना परिणाम देख सकते हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस वर्ष मूल्यांकन प्रक्रिया को पूरी तरह तकनीक आधारित एवं पारदर्शी बनाया। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के बाद परिणाम तैयार करने में बहुस्तरीय सत्यापन प्रक्रिया अपनाई गई, जिससे परिणामों की शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके। कुलपति प्रो. संजीव कुमार के निर्देशन में निर्धारित समय-सीमा के भीतर परिणाम जारी करने पर विशेष जोर दिया गया।
परीक्षा नियंत्रक आनंद कुमार मौर्य ने कहा, “विश्वविद्यालय का लक्ष्य छात्रों को निष्पक्ष, त्रुटिरहित और समयबद्ध परिणाम उपलब्ध कराना है। इसी प्रतिबद्धता के तहत सभी विषयों का परिणाम घोषित किया गया है।” उन्होंने बताया कि अंकपत्र भी जल्दी ही उपलब्ध करा दिए जाएंगे। साथ ही छात्रों से केवल विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से ही परिणाम देखने की अपील की।विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परिणाम से असंतुष्ट छात्र निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन स्क्रूटनी अथवा पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकेंगे।