कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं ऐप डेवलपमेंट विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन

Update: 2026-06-27 15:32 GMT



छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के स्कूल ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज द्वारा माननीय कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में "फंडामेंटल्स ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड हैंड्स-ऑन ऐप डेवलपमेंट" विषय पर एक विशेषज्ञ व्याख्यान का सफल आयोजन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में श्री नितिन कुमार शर्मा, सीनियर इंजीनियर, इल्यूमिना (Illumina), एरिज़ोना, अमेरिका ने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मूलभूत अवधारणाओं, मशीन लर्निंग, आधुनिक ऐप विकास तथा इनके व्यावहारिक उपयोगों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस दवा खोज (Drug Discovery), व्यक्तिगत उपचार (Personalized Medicine), रोग निदान, स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण तथा फार्मास्यूटिकल उद्योग में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रहा है।

व्याख्यान अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं संवादात्मक रहा। कार्यक्रम में उपस्थित स्नातक, स्नातकोत्तर एवं शोधार्थी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग, व्यक्तिगत जानकारी (Personal Data) की सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं में AI की विश्वसनीयता, दवा विकास में इसकी भूमिका तथा भविष्य में रोजगार की संभावनाओं से संबंधित अनेक जिज्ञासाएँ व्यक्त कीं। श्री शर्मा ने विद्यार्थियों के सभी प्रश्नों का सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से संतोषजनक उत्तर दिया तथा उन्हें नवीन तकनीकों के साथ स्वयं को निरंतर अद्यतन रखने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने माननीय कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय में इस प्रकार के उद्योग एवं तकनीक आधारित विशेषज्ञ व्याख्यानों का नियमित आयोजन विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल एवं व्यावसायिक दक्षता को नई दिशा प्रदान कर रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक निदेशक डॉ. अनुप्रिया कपूर द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत कर किया गया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. कल्पना ने वक्ता, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

Similar News