एमएसडीयू ने एलएलबी द्वितीय, चतुर्थ एवं षष्ठम सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम समय से पहले किया घोषित
आजमगढ़। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय (एमएसडीयू), आजमगढ़ ने संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित एलएलबी द्वितीय, चतुर्थ एवं षष्ठम सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम निर्धारित समय से पहले घोषित कर दिया है। परिणाम जारी होने से हजारों विद्यार्थियों को राहत मिली है और वे अब बिना विलंब अपने अगले शैक्षणिक एवं व्यावसायिक कार्यों की तैयारी कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक आनंद कुमार मौर्य ने बताया कि परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराई गई। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं भरोसेमंद परीक्षा प्रणाली उपलब्ध कराना है। इसी प्रतिबद्धता के तहत समय से पूर्व परीक्षा परिणाम घोषित किए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अन्य लंबित परीक्षा परिणाम भी निर्धारित प्रक्रिया पूरी होते ही शीघ्र घोषित किए जाएंगे।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि समयबद्ध परीक्षा एवं समय पर परिणाम किसी भी विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रशासनिक दक्षता का महत्वपूर्ण मानक होते हैं।
एमएसडीयू विद्यार्थी-केंद्रित कार्यसंस्कृति के साथ कार्य कर रहा है, ताकि छात्रों का एक भी शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो। उन्होंने परीक्षा विभाग, मूल्यांकन से जुड़े शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से विश्वविद्यालय लगातार बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अपना परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है l