एमएसडीयू ने बीबीए, बीसीए, बीएड, एलएलएम, बीपीएड व एमएड का संपूर्ण परिणाम किया जारी
आजमगढ़, 04 सितंबर। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ ने बीबीए, बीसीए, बीएड, एलएलएम, बीपीएड एवं एमएड परीक्षाओं का संपूर्ण परिणाम एक साथ घोषित कर दिया है। परिणाम जारी होने के साथ ही हजारों विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। समय पर परिणाम घोषित होने से छात्र अब उच्च शिक्षा में प्रवेश, शोध, रोजगार तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी बिना किसी विलंब के आगे बढ़ा सकेंगे। विश्वविद्यालय के इस कदम से समयबद्ध एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली के प्रति विद्यार्थियों का विश्वास और मजबूत हुआ है।
परीक्षार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.msdsu.ac.in पर जाकर 'Student Result' लिंक पर अपना अनुक्रमांक दर्ज कर परिणाम देख सकते हैं। विश्वविद्यालय ने डिजिटल अंकपत्र भी वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए हैं, जिन्हें छात्र आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं।
कुलपति बोले—समयबद्धता हमारी पहचान
कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा , "समय पर और पारदर्शी परिणाम देना अब एमएसडीयू की पहचान बन गया है। यह विद्यार्थियों के भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। डिजिटल मूल्यांकन और बहुस्तरीय सत्यापन के बाद परिणाम तैयार किए गए हैं, ताकि प्रत्येक छात्र को सही और निष्पक्ष अंक मिल सकें। सभी सफल विद्यार्थियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि वे अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर जीवन में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे तथा समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।"
परीक्षा नियंत्रक आनन्द कुमार मौर्य ने बताया कि इस बार परीक्षा परिणाम पूरी पारदर्शिता और सावधानी के साथ तैयार किया गया है। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन तथा परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया में आधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया, जिससे त्रुटियों की संभावना न्यूनतम रही।उन्होंने कहा, "हमारा प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी को सही, निष्पक्ष और समय पर परिणाम मिले। विद्यार्थियों का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। इसी विश्वास को बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय लगातार परीक्षा प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, तकनीक आधारित एवं छात्रहितैषी बना रहा है। भविष्य में भी सभी परीक्षाओं के परिणाम निर्धारित समय-सीमा के भीतर जारी किए जाएंगे।"
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे परिणाम केवल विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से ही देखें तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। यदि किसी छात्र को अपने प्राप्तांक पर आपत्ति है, तो वह परिणाम घोषित होने की तिथि से 15 दिनों के भीतर निर्धारित शुल्क के साथ ऑनलाइन स्क्रूटनी अथवा पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकता है। आवेदन की पूरी प्रक्रिया विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।