आजमगढ़, 15 जुलाई। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय (एमएसडीयू) में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु काउंसिलिंग बुधवार से शुरू हो गई। विश्वविद्यालय परिसर में सुबह से ही अभ्यर्थियों की चहल-पहल रही। निर्धारित मेरिट सूची के अनुसार अभ्यर्थियों ने अपने मूल अभिलेखों का सत्यापन कराया और प्रवेश प्रक्रिया में भाग लिया। काउंसिलिंग विश्वविद्यालय द्वारा जारी कार्यालय आदेश एवं कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जा रही है।
पहले दिन बीएससी, बीएफए, एमए-समाजशास्त्र, एमए-हिन्दी, एमए-संस्कृत, एमकॉम, एमबीए, एमए-अंग्रेजी, एमए-इतिहास तथा एमएससी-कंप्यूटर साइंस सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग संपन्न हुई। दस्तावेजों के सत्यापन के उपरांत पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश की अगली औपचारिकताओं की जानकारी दी गई।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि पूरी प्रक्रिया मेरिट आधारित, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है। अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाण-पत्रों, श्रेणी प्रमाण-पत्र एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों का सावधानीपूर्वक सत्यापन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा करने के बाद संबंधित पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय ने आगामी काउंसिलिंग में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों तथा उनकी छायाप्रतियों के साथ उपस्थित हों, ताकि प्रवेश प्रक्रिया बिना किसी असुविधा के समयबद्ध ढंग से संपन्न हो सके।