ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से एक भव्य वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों से अधिकाधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर को हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री विकास का विशेष सहयोग रहा, जिनके मार्गदर्शन में परिसर के विभिन्न स्थानों पर छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया।
वृक्षारोपण अभियान का सफल संयोजन डॉ. नलिनी मिश्रा द्वारा किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में वृक्षों की महत्ता से अवगत कराया और पौधों की नियमित देखभाल का संदेश दिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारियों की सक्रिय एवं गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर डॉ. रामदास, डॉ. अभय कृष्णा, डॉ. साइमा अलीम, डॉ. रत्नेश कुमार सिंह, डॉ. धीरेंद्र सिंह, डॉ. राशि तथा डॉ. आशीष शाही सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लेते हुए रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल, संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। विश्वविद्यालय परिवार ने यह संदेश दिया कि “एक वृक्ष, एक जीवन” की भावना को अपनाकर ही स्वच्छ, हरित और संतुलित पर्यावरण का निर्माण किया जा सकता है।