कुलपति के नेतृत्व में निकला विशाल पैदल मार्च, छात्रों ने लिया नशा न करने का संकल्प
आजमगढ़।महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय,आजमगढ़ में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का शुभारंभ उत्साह के साथ किया गया। अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय परिसर से कुलपति प्रो.संजीव कुमार के नेतृत्व में एक विशाल पैदल मार्च निकाला गया।इस मार्च में विश्वविद्यालय के शिक्षक,अधिकारी,कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। सभी के हाथों में "नशा मुक्त समाज,स्वस्थ भारत" और "युवा पीढ़ी का भविष्य बचाएं" लिखी तख्तियां थीं। मार्च के दौरान प्रतिभागियों ने नशे के विरुद्ध नारे भी लगाए।कुलपति ने दिलाई शपथ पैदल मार्च विश्वविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर मुख्य द्वार तक गया और पुनः परिसर में आकर समाप्त हुआ। मार्च के समापन पर कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने उपस्थित सभी शिक्षकों,कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को नशा न करने और नशे के विरुद्ध समाज को जागरूक करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि "नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। विश्वविद्यालय का दायित्व है कि वह युवाओं को नशे की बुराइयों से बचाकर उन्हें राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाए। ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।"समिति के सदस्य रहे मौजूदइस अवसर पर अभियान समिति के अध्यक्ष प्रो.अजीत प्रसाद राय,सदस्य डॉ. देवेंद्र पाण्डेय,डॉ. शशि प्रकाश शुक्ल, डॉ. परमानन्द पाण्डेय,डॉ. हरेंद्र सिंह प्रजापति,डॉ. सचिन राय,डॉ. मनीषा सिंह,आदर्श मिश्रा, शांभवी तिवारी,सूर्य प्रकाश अग्रहरी तथा सदस्य सचिव सहायक कुलसचिव चन्दन कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र उपस्थित रहे।विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि जुलाई 2026 से अप्रैल 2027 तक इस अभियान के अंतर्गत संगोष्ठी,कार्यशाला,नुक्कड़ नाटक,पोस्टर प्रतियोगिता और जागरूकता रैलियों का आयोजन किया जाएगा।