भाषा विश्वविद्यालय में हुए कारगिल विजय दिवस एवं नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन

Update: 2026-07-25 11:38 GMT


ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ में माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जागरूकता एवं नैतिक मूल्यों के विकास के उद्देश्य से कारगिल विजय दिवस तथा नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

राज्यपाल सचिवालय एवं समाज कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में विश्वविद्यालय में “नशा मुक्ति” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन विधि अध्ययन संकाय के कक्ष संख्या 435 में किया गया। कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक समिति की समन्वयक डॉ. नलिनी मिश्रा के तत्वावधान में तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) इकाई-4 के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आशीष शाही के नेतृत्व में संपन्न हुआ। भाषण प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों एवं विभागों के 35 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। प्रतिभागियों ने नशे के दुष्परिणाम, नशा मुक्त समाज की आवश्यकता तथा युवाओं की सकारात्मक भूमिका पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता का मूल्यांकन विधि अध्ययन विभाग के डॉ. कृष्ण मुकुंद, डॉ. श्वेता त्रिवेदी एवं डॉ. तान्या सागर ने किया। प्रतियोगिता में ज्योत्सना सिंह (एलएलएम तृतीय वर्ष) ने प्रथम, मो. साद ख़ान (बी.ए. एलएल.बी. चतुर्थ वर्ष) ने द्वितीय तथा रामा कनौजिया (बी.ए. एलएल.बी. द्वितीय वर्ष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समापन अवसर पर डॉ. आशीष शाही ने सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया।

इसी क्रम में विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग द्वारा कारगिल विजय दिवस के अवसर पर “कारगिल के वीरों को श्रद्धांजलि: साहस, बलिदान और देशभक्ति” विषय पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का समन्वयन सामाजिक विज्ञान संकाय की अधिष्ठाता डॉ. पूनम चौधरी के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के प्रारम्भ में समाजशास्त्र विभाग की विषय प्रभारी डॉ. ज़िया जाफरी ने कारगिल विजय दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा एवं देशभक्ति के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन वाणिज्य संकाय के अधिष्ठाता प्रो. सैयद हैदर अली तथा हिन्दी विभाग की विषय प्रभारी डॉ. जहाँ आरा ज़ैदी ने किया।

प्रतियोगिता में अथर्व (बी.ए. समाजशास्त्र) ने प्रथम, पल्लवी (राजनीति विज्ञान विभाग) ने द्वितीय तथा निशा विश्वकर्मा (भूगोल विभाग) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में इतिहास, भूगोल, समाजशास्त्र, हिन्दी, विधि अध्ययन, शिक्षाशास्त्र, गृह विज्ञान एवं प्राणी विज्ञान सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर डॉ. मनीष कुमार, डॉ. राज कुमार सिंह, डॉ. श्वेता त्रिवेदी, डॉ. विभा सिंह, डॉ. निहारिका श्रीवास्तव, डॉ. रचना गिहार सहित विभिन्न विभागों के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Similar News