एमएसडीयू ने तृतीय दीक्षांत समारोह के लिए सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की अंतिम सूची जारी की*
आपत्ति हो, तो वे 30 जुलाई 2026 तक अपना दावा प्रस्तुत करें,*
आजमगढ़, 26 जुलाई। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय (एमएसडीयू), आजमगढ़ ने अपने आगामी तृतीय दीक्षांत समारोह के लिए विभिन्न विषयों,पाठ्यक्रमों एवं संकायों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं की अंतिम सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी कर दी है!
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक आनन्द कुमार मौर्य द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सूची में शामिल विद्यार्थियों अथवा संबंधित पक्षों को यदि किसी प्रकार की आपत्ति हो, तो वे 30 जुलाई 2026 को सायं 5:00 बजे तक आवश्यक साक्ष्य एवं प्रमाण-पत्रों के साथ विश्वविद्यालय कार्यालय अथवा coe@msdsu.ac.in पर ई-मेल के माध्यम से अपना प्रत्यावेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा तथा इसके उपरांत सूची को अंतिम मान लिया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अंतिम सूची के आधार पर ही दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक एवं अन्य सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इस संबंध में सभी संबद्ध महाविद्यालयों, संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों तथा पात्र विद्यार्थियों को भी सूचना प्रेषित कर दी गई है। साथ ही विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर सूची उपलब्ध करा दी गई है ताकि विद्यार्थी समय रहते उसका अवलोकन कर ले!
परीक्षा नियंत्रक ने विद्यार्थियों से अपील की है कि यदि सूची में किसी प्रकार की तथ्यात्मक त्रुटि या आपत्ति हो तो निर्धारित तिथि के भीतर आवश्यक अभिलेखों सहित अपना दावा प्रस्तुत करें, जिससे अंतिम सूची पूर्णतः त्रुटिरहित तैयार की जा सके और दीक्षांत समारोह की सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से संपन्न हों।