भाषा विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र अमन कुमार त्रिपाठी का माय भारत यूथ एम्बेसडर के लिए हुआ चयन

Update: 2026-07-29 15:03 GMT


ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के एल एल.एम. के पूर्व छात्र और राष्ट्रीय सेवा योजना के सक्रिय युवा स्वयंसेवक अमन कुमार त्रिपाठी का युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन माय भारत संस्था के अंतर्गत माय भारत यूथ एम्बेसडर के रूप में माय भारत युवा स्वयंसेवक के पद पर चयन हुआ है। अमन का चयन मुख्य रूप से उच्चतम शैक्षणिक योग्यता, सक्रिय युवा स्वयंसेवक एवं उत्कृष्ट साक्षात्कार के मानक आधार पर हुआ। इस चयन हेतु अमन को युवा मंत्रालय,भारत सरकार 2 वर्ष के लिए प्रतिमाह ₹5000 प्रोत्साहन धनराशि भी प्रदान करेगा। अमन को विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह में महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल जी द्वारा एल एल. एम. और विधि अध्ययन संकाय में प्रथम मेधावी होने के तौर पर दो स्वर्ण पदक प्रदान करते हुए मंच से सराहा था। इससे पूर्व भी अमन ने युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय,भारत सरकार के तहत लगातार दो बार उत्तर प्रदेश विधानसभा सदन में आयोजित युवा संसद और दिल्ली में आयोजित युवा संसद में भी प्रतिभाग किया था तथा राजभवन में भी महामहिम राज्यपाल द्वारा आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया था।

अमन की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित किया। इस अवसर पर एन.एस.एस. प्रभारी डॉ. नलिनी मिश्रा, विधि विभागाध्यक्ष डॉ. पीयूष त्रिवेदी,डॉ. राजकुमार सिंह,डॉ. योगेंद्र सिंह,डॉ. प्रशांत वरुण तथा अंशुल पांडेय उपस्थित रहे।

Similar News