भाषा विश्वविद्यालय में हुआ कैंसर जागरूकता स्लोगन प्रतियोगिता एवं पौधरोपण अभियान का आयोजन
ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा तथा माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा के संरक्षण में सामाजिक जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस क्रम में “आनंदी माँ–एक जीवन बचाओ” एवं “कैंसर मुक्त भारत यात्रा अभियान” के अंतर्गत स्लोगन प्रतियोगिता तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई-VII द्वारा पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया।
कैंसर जागरूकता को लेकर स्लोगन प्रतियोगिता
“आनंदी माँ–एक जीवन बचाओ” एवं “कैंसर मुक्त भारत यात्रा अभियान” के अंतर्गत आयोजित स्लोगन प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय पर जांच एवं रोकथाम के महत्व को रेखांकित करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा. प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अभियान की थीम पर आधारित प्रभावशाली एवं रचनात्मक स्लोगन प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से कैंसर की रोकथाम, समय पर जांच तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया और सामाजिक संवेदनशीलता एवं जागरूकता का परिचय दिया। निर्णायकों के निर्णय के आधार पर नैन्सी चौधरी ने प्रथम, रमाकांत निषाद ने द्वितीय तथा वर्षा यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. नलिनी मिश्रा द्वारा किया गया, जबकि डॉ. ज़िया जाफरी एवं डॉ. विपिन सिंह, सहायक आचार्य, कार्यक्रम के संयोजक रहे।
NSS इकाई-VII ने दिया हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
इसी क्रम में विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई-VII द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के उद्देश्य से पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा एवं कुलसचिव श्री विकास ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।कार्यक्रम का आयोजन NSS इकाई-VII के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभय कृष्ण के नेतृत्व में किया गया। NSS समन्वयक डॉ. नलिनी मिश्रा ने भी पौधरोपण अभियान में सक्रिय सहभागिता की तथा उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। NSS स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषणमुक्त पर्यावरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं उपस्थित सदस्यों से कैंसर के प्रति जन-जागरूकता फैलाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों एवं NSS स्वयंसेवकों ने “एक पौधा-एक जिम्मेदारी” के संदेश के साथ पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।