कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने बाइक तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
कानपुर, 14 अगस्त 2026।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान के अन्तर्गत भव्य बाइक तिरंगा रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने हरी झंडी दिखाकर किया। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं NCC के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक रैली में सहभागिता की।
कुलपति ने इस अवसर पर कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के त्याग और बलिदान का स्मरण कराता है, जिनके संघर्ष से देश को स्वतंत्रता प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं को शिक्षा के साथ अनुशासन, सकारात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में आयोजित ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना विकसित करने के साथ उन्हें अपने सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूक करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश की प्रगति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कुलपति द्वारा हरी झंडी दिखाए जाने के बाद रैली विश्वविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर गुरुदेव चौराहा, जुगल देवी स्कूल होते हुए गंगा बैराज पहुंची। इसके बाद रैली वापस विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचकर समाप्त हुई। विद्यार्थियों ने अपनी बाइकों पर तिरंगा लगाकर तथा हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ रैली में प्रतिभाग किया। देशभक्ति के नारों और लहराते तिरंगे ने पूरे मार्ग को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संदेश दिया।
शिक्षकों एवं अधिकारियों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
रैली में डॉ. प्रो. राजेश कुमार द्विवेदी, निदेशक, महाविद्यालय विकास परिषद, डा. प्रवीन कटियार, डॉ. श्याम मिश्रा, डॉ. अजय यादव, डॉ. द्रोपती यादव, डॉ. रंजना गौतम, डॉ. राहुल तिवारी, श्री प्रकाश पांडेय एवं डॉ. दिग्विजय शर्मा, डॉ प्रवीण भाई पटेल सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
शिक्षकों एवं अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ सहभागिता कर उनका उत्साहवर्धन किया। NSS एवं NCC के विद्यार्थियों ने अनुशासन के साथ रैली में प्रतिभाग करते हुए देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव, एकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने रैली को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।