भाषा विश्वविद्यालय में उत्साह और देशभक्ति के साथ निकाली गई ‘हर घर तिरंगा यात्रा’

Update: 2026-08-14 11:01 GMT

 

लखनऊ, 14 अगस्त 2026। * ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय (के.एम.सी.एल.यू.) में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आज ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ का भव्य आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में निकाली गई इस यात्रा में एनसीसी कैडेट्स, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

यात्रा का आयोजन माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर एनसीसी एएनओ डॉ. लेफ्टिनेंट बुशरा अलवेरा, एनएसएस समन्वयक डॉ. नलिनी मिश्रा सहित विश्वविद्यालय के अनेक सम्मानित शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत इस यात्रा में प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक किया। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों एवं कैडेट्स ने नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियान युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय कर्तव्यों की भावना को और मजबूत करते हैं।

एनसीसी एएनओ डॉ. लेफ्टिनेंट बुशरा अलवेरा ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स सदैव राष्ट्रसेवा, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते हैं। ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ के माध्यम से कैडेट्स ने देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का सार्थक प्रयास किया है।

यात्रा में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी ने पूरे वातावरण को देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से भर दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक जिम्मेदारी एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।

‘हर घर तिरंगा यात्रा’ का आयोजन विश्वविद्यालय परिवार की सामूहिक सहभागिता एवं देश के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण रहा।

Similar News