संकल्प: द फर्स्ट स्टेप’ का भव्य समापन, नवागत छात्रों ने सीखे सफलता के सूत्र

Update: 2026-08-15 11:49 GMT


ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय (FoET) में माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा के कुशल मार्गदर्शन एवं संरक्षण में आयोजित 14 दिवसीय नवागत छात्र परिचय कार्यक्रम ‘संकल्प: द फर्स्ट स्टेप’ का 14 अगस्त को उत्साह, ऊर्जा और प्रेरणा से भरे वातावरण में सफलतापूर्वक समापन हुआ। चौदहवें एवं अंतिम दिवस पर नवागत छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच, विश्वविद्यालय जीवन, अध्ययन एवं कैरियर को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में हार्टफुलनेस संस्था के प्रतिनिधियों ने नवागत छात्रों के साथ संवादात्मक एवं ज्ञानवर्धक सत्र आयोजित किया। छात्रों ने ध्यान (मेडिटेशन) का अभ्यास कर मानसिक शांति एवं एकाग्रता का अनुभव किया। सत्र ने छात्रों को तनावमुक्त रहते हुए सकारात्मक एवं संतुलित जीवन जीने की दिशा में प्रेरित किया। इसी अवसर पर ‘हार्टफुलनेस स्टार्टअप फोरम’ का औपचारिक शुभारंभ भी किया गया।

इसके पश्चात आयोजित द्वितीय सत्र में FoET के निदेशक डॉ. आर. के. त्रिपाठी, मुख्य अतिथि प्रो. नंद लाल, संयोजक डॉ. अर्पित कटियार तथा सह-आयोजक सुश्री स्मृति स्नेह सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।इस सत्र का शुभारंभ निदेशक FoET डॉ. आर. के. त्रिपाठी द्वारा मुख्य अतिथि प्रो. नंद लाल के स्वागत के साथ हुआ। उन्होंने नवागत छात्रों को 14 दिवसीय परिचय कार्यक्रम के सफल समापन पर बधाई देते हुए विश्वविद्यालय परिवार में उनका आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने छात्रों को विश्वविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि प्रो. नंद लाल ने अपने प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक संबोधन में नवागत छात्रों को विश्वविद्यालय जीवन की चुनौतियों और संभावनाओं से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में प्रवेश जीवन के एक नए चरण की शुरुआत है, जहां विद्यार्थियों को बदलते परिवेश के अनुरूप स्वयं को विकसित करना होगा। उन्होंने छात्रों को धैर्य, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के साथ अपने शैक्षणिक एवं कैरियर लक्ष्यों की ओर बढ़ने का संदेश दिया।कार्यक्रम की सह-आयोजक सुश्री स्मृति स्नेह ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग और समर्पण के कारण ही ‘संकल्प: द फर्स्ट स्टेप’ जैसा व्यापक परिचय कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।समापन अवसर को भावपूर्ण बनाते हुए डॉ. शान-ए-फातिमा ने नवागत छात्रों के समक्ष प्रेरणादायक कविता का पाठ किया। कविता के माध्यम से उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करते रहने, चुनौतियों से न घबराने और सफलता प्राप्त होने तक संघर्ष की राह पर आगे बढ़ते रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर डॉ. सुमन कुमार मिश्रा, डॉ. हेमंत कुमार सिंह, एर. अमन मिश्रा, डॉ. सैमा अलीम, एर. अंकिता अग्रवाल, एर. प्रीति नवल, डॉ. मनवेंद्र सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं विश्वविद्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे।

Similar News