भाषा विवि में हुआ ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ थीम पर नशामुक्ति एवं छात्र जागरूकता रैली का आयोजन
ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में माननीय कुलाधिपति महोदया श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी के दिशानिर्देशन तथा माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा जी के मार्गदर्शन में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ थीम पर नशामुक्ति एवं छात्र जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का समन्वयन NSS समन्वयक एवं विभागाध्यक्ष, शिक्षा शास्त्र विभाग, डॉ. नालिनी मिश्रा द्वारा किया गया।
रैली का शुभारंभ दोपहर 11:30 बजे विश्वविद्यालय के गोल चक्कर से हुआ। रैली विश्वविद्यालय परिसर से होते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस पुरुष छात्रावास तक पहुँची। इस अवसर पर कुलसचिव श्री विकास जी, प्रोवोस्ट डॉ. उधम सिंह, वार्डन डॉ. रामजीत सिंह यादव, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, श्री कौशलेश शाह सहित छात्रावास के विद्यार्थियों एवं NSS स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राम दास एवं डॉ. मोहम्मद इरफान ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में नशामुक्ति से संबंधित पोस्टर एवं स्लोगन प्रदर्शित किए तथा ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’, ‘नशा मुक्त युवा, सशक्त भारत’ और ‘नशामुक्त युवा-सशक्त राष्ट्र’ जैसे प्रभावशाली नारों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलायी। विद्यार्थियों ने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।इस अवसर पर वक्ताओं एवं NSS स्वयंसेवकों ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसकी शिक्षा, करियर, पारिवारिक जीवन एवं सामाजिक संबंधों को भी प्रभावित करती है। युवाओं को नशे से दूर रखकर ही स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं NSS स्वयंसेवकों के इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।