ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस पुरुष छात्रावास में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत संचालित 100 दिवसीय जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार को विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन कुलपति प्रो अजय तनेजा के सरंक्षण में किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रावास के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने भाषण एवं विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान पर अपने विचार व्यक्त किए। छात्रों ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसके गंभीर दुष्परिणाम पड़ते हैं। विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने साथियों और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवाओं को नशे के प्रति सजग रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और स्वस्थ युवा ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला रख सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूरी बनाए रखने, सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने की अपील की।

इस अवसर पर छात्रावास की विभिन्न समितियों के सदस्य, अंतःवासी छात्रगण, प्रोवोस्ट डॉ. उधम सिंह, वार्डन डॉ. रामजीत सिंह यादव एवं वार्डन डॉ. धर्मेंद्र सिंह सहित छात्रावास के अन्य संबंधित सदस्य उपस्थित रहे।