झांसी, 08 सितंबर ।

उन्नत भारत अभियान, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा गोद लिए गए ग्राम दातारनगर-परवई, विकासखंड बड़ागांव, जनपद झांसी में आज दिनांक 08 सितंबर 2026 को भौतिक चिकित्सा विभाग एवं उन्नत भारत अभियान, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी के संयुक्त तत्वावधान में माननीय कुलपति प्रोफेसर मुकेश पांडे जी के मार्गदर्शन में भौतिक चिकित्सा दिवस के उपलक्ष्य में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय तथा आंगनवाड़ी केंद्र में बाल वाटिका छोटे-छोटे बच्चों एवं छात्राओं को विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न खेल एवं आंगनवाड़ी प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागियों को बैग, किट, फल एवं मिष्ठान वितरित कर सम्मानित किया गया।

इसके उपरांत शिविर में उपस्थित ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेष रूप से ग्रामीणों में पाई जाने वाली घुटने एवं कमर के दर्द, जोड़ों के दर्द तथा अन्य शारीरिक समस्याओं का परीक्षण एवं उपचार किया गया। विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न प्रकार के आसन, व्यायाम एवं भौतिक चिकित्सा की तकनीकों के साथ-साथ विभिन्न भौतिक चिकित्सा उपकरणों का उपयोग करते हुए 100 से अधिक ग्रामीण महिलाओं एवं बुजुर्गों का निःशुल्क उपचार किया गया। साथ ही ग्रामीणों को नियमित रूप से व्यायाम एवं बताए गए आसनों को करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं भौतिक चिकित्सा विभाग के समन्वयक डॉ. सत्येंद्र सिंह ने भौतिक चिकित्सा की विभिन्न उपचार पद्धतियों एवं उनके महत्व के बारे में ग्रामीणों को जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उन्नत भारत अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार बबेले ने उन्नत भारत अभियान की भूमिका एवं ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास में विश्वविद्यालय की सहभागिता पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर भौतिक चिकित्सा विभाग में अध्ययनरत विभिन्न सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार में सहयोग किया तथा उन्हें विभिन्न प्रकार के व्यायाम एवं उपचारात्मक गतिविधियों की जानकारी दी।

चिकित्सा शिविर में डॉ. जितेंद्र सिंह सहित भौतिक चिकित्सा विभाग के अन्य आचार्य एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे और उन्होंने ग्रामीणों के उपचार में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम में उन्नत भारत अभियान की विशेषज्ञ डॉ. राधिका चौधरी ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, विद्यालय की अध्यापिकाओं श्रीमती वंदना सिराथिया एवं श्रीमती कृतिका सिंह, आंगनवाड़ी कार्यकर्ती एवं सहायिका, बाल वाटिका के छोटे-छोटे बच्चों, छात्र-छात्राओं तथा ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया गया ।