*झांसी, 11 सितंबर।* बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय के मार्गदर्शन तथा नोडल अधिकारी डॉ. अचला पाण्डेय के निर्देशन में मार्ग श्री चैरिटेबल ट्रस्ट, मिशन कम्पाउंड, झांसी में “दहेज विरोधी जागरूकता कार्यक्रम” विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में दहेज प्रथा के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाना तथा महिलाओं के प्रति होने वाले अत्याचारों को रोकने के लिए युवाओं को संवेदनशील बनाना था।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए संस्था प्रमुख ध्रुव सिंह यादव ने कहा कि दहेज मांगना किसी भी प्रकार से प्रतिष्ठा या सम्मान की बात नहीं है, बल्कि यह मानसिक कमजोरी और अपराध है। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसी व्यवस्था विकसित करनी होगी, जिसमें किसी पिता को अपनी बेटी के विवाह के लिए कर्ज लेने के लिए मजबूर न होना पड़े और किसी बेटी को दहेज के कारण प्रताड़ना अथवा हिंसा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से दहेज प्रथा के विरुद्ध स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज में भी इसके खिलाफ सकारात्मक वातावरण तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सोच में बदलाव से ही दहेज मुक्त समाज की दिशा में प्रभावी कदम बढ़ाया जा सकता है।
संगोष्ठी में लगभग 30 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को दहेज प्रथा के सामाजिक दुष्परिणामों तथा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर गुंजा चतुर्वेदी शिक्षण सहायक, समाज कार्य विभाग, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने किया। आभार प्रदर्शन **भूपेन्द्र मिश्रा*, महिला अध्ययन केन्द्र, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने किया।
इस अवसर पर स्नेहा यादव, शिवानी पटेल, रिंकी, बिसु वर्मा, ऋषि साहू, सूरज, आशीष आर्या, सुभाष अहिरवार, आकाश कुमार सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।