झांसी, 25 सितंबर। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट (आईटीएचएम) में विश्व पर्यटन सप्ताह के तीन दिवसीय समारोह का शुभारंभ हुआ। 27 सितंबर को मनाए जाने वाले विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यटन क्षेत्र में डिजिटल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नवाचार और सतत विकास की बढ़ती भूमिका से परिचित कराना है।

समारोह के पहले दिन रंगोली, पोस्टर निर्माण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पर्यटन, संस्कृति, सतत एवं जिम्मेदार पर्यटन, तकनीकी परिवर्तन और पर्यटन क्षेत्र में उभरती नई प्रवृत्तियों पर अपनी रचनात्मकता एवं विचार प्रस्तुत किए।

रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन डॉ. सुनीता, डॉ. चेतन आनंद एवं डॉ. पल्लवी श्रीवास्तव ने किया। वहीं वाद-विवाद प्रतियोगिता में डॉ. राधिका एवं डॉ. प्रतिज्ञा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की मौलिकता, प्रस्तुतीकरण, तार्किक क्षमता, संचार कौशल एवं आत्मविश्वास की सराहना की।

कार्यक्रम में प्रो. देवेश निगम, प्रो. सुनील कुमार कबिया, प्रो. संजय निबोरिया, प्रो. प्रतीक अग्रवाल, डॉ. ऋचा राय, डॉ. सुधीर द्विवेदी, डॉ. जी.के. श्रीनिवासन सहित आईटीएचएम के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

विश्व पर्यटन सप्ताह की गतिविधियां 27 सितंबर तक जारी रहेंगी। प्रतियोगिताओं के परिणाम समापन अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में घोषित किए जाएंगे, जिसमें विद्यार्थी विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।