ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान-2026 एवं विश्वविद्यालय के 17वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित अंतर-संकाय खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत सोमवार को बैडमिंटन, रस्साकशी एवं वॉलीबॉल पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले रोमांचक रहे। विभिन्न संकायों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं का शुभारंभ संकाय इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉ. राजेन्द्र कुमार त्रिपाठी, स्पोर्ट्स क्लब-सांस्कृतिक समिति के डॉ. हसन मेहदी तथा शारीरिक शिक्षा विभाग की सहायक आचार्य डॉ. दीपिका दयालु ने किया।रस्साकशी पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में संकाय फार्मेसी और संकाय लीगल स्टडीज के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। फार्मेसी के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और दमखम का प्रदर्शन करते हुए लीगल स्टडीज को 2-0 से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
बैडमिंटन पुरुष वर्ग के फाइनल में संकाय सामाजिक विज्ञान के खुरेंद्र सिंह और संकाय इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के ओमकर चौरसिया के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। खुरेंद्र सिंह ने 15-05, 10-15, 15-05 के स्कोर से जीत दर्ज करते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। वहीं वॉलीबॉल पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में संकाय सामाजिक विज्ञान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संकाय इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी को 25-10, 25-08 से पराजित किया और चैंपियनशिप अपने नाम की। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले के दौरान उत्कृष्ट खेल कौशल, टीम भावना और अनुशासन का परिचय दिया।
प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को विश्वविद्यालय के 17वें स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में 1 अक्टूबर को पुरस्कृत किया जाएगा।प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका मुदससिर अली, मुदित शुक्ला, रेहान खान (मुख्य निर्णायक), शादाब अली, विशाल कुमार, आयुष रस्तोगी एवं मो. रेहान ने निभाई। प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में सांस्कृतिक समिति के समन्वयक मोहम्मद शारिक, स्पोर्ट्स क्लब-सांस्कृतिक समिति के डॉ. आरिफ अब्बास सहित विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।