*विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा में दिखी भारत के विकास की तस्वीर : कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय*
*झांसी।* बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के ललित कला संस्थान एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेवा रंग, सेवा संकल्प अभियान-2026’ के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय चित्रकला, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता का समापन हुआ। विद्यार्थियों ने महापुरुषों, खिलाड़ियों, सामाजिक सरोकारों, भारत की प्रगति और विकसित भारत की परिकल्पना को अपनी कलाकृतियों में प्रभावशाली ढंग से उकेरा।
समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए कुलपति *प्रो. मुकेश पाण्डेय* ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों में उनकी सृजनात्मक प्रतिभा, मेहनत और देश के विकास के प्रति सकारात्मक दृष्टि स्पष्ट दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं, महापुरुषों और खिलाड़ियों को केंद्र में रखकर बनाई गई कलाकृतियां उच्चकोटि की हैं और इन्हें राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किए जाने की संभावनाएं हैं। कला के माध्यम से विकसित भारत की संकल्पना एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के संदेश को व्यापक समाज तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकता है।
कुलपति ने कला शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों द्वारा किए गए रचनात्मक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय को अपने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों पर गर्व है।
कुलसचिव *ज्ञानेंद्र कुमार* ने कहा कि कला अंतर्मन की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच के साथ सेवा और संकल्प की भावना स्पष्ट दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी तूलिका के माध्यम से भारत के भविष्य और विकास की तस्वीर समाज के सामने प्रस्तुत कर रहे हैं।
*25 से 27 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिताओं में संस्थान की विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने भाग लिया। समापन अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार **200 से अधिक कलाकृतियों* की प्रदर्शनी लगाई गई। इनमें विकसित भारत, राष्ट्रीय व्यक्तित्व, खेल, सामाजिक जागरूकता तथा देश की प्रगति से जुड़े विविध विषयों को कलात्मक अभिव्यक्ति दी गई।
संस्थान की समन्वयक *डॉ. श्वेता पाण्डेय* ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ रचनात्मक सोच और नई दिशा प्रदान करते हैं। विकसित भारत विषय पर तैयार प्रत्येक चित्र अपने भीतर एक सार्थक संदेश समेटे हुए है।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को *प्रमाण पत्र एवं कला सामग्री* प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में *डॉ. अजय कुमार गुप्ता, डॉ. दिलीप कुमार एवं गजेंद्र सिंह* ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर *डॉ. रानी शर्मा, डॉ. अंकिता शर्मा, डॉ. राघवेंद्र दीक्षित, डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. बृजेश कुमार एवं डॉ. संतोष कुमार* सहित शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।