आजमगढ़। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में आयोजित होने वाले बापू बाजार मेले को लेकर विश्वविद्यालय की ओर से चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान का असर गांवों में दिखाई देने लगा है। माननीय कुलपति प्रो. संजीव कुमार की प्रेरणा से दूसरे दिन विश्वविद्यालय की टीम ने बसगीत, मंदे, रामपुर भुजही तथा हरिशंकर महाविद्यालय क्षेत्र के गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया और उन्हें बापू बाजार मेले से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान टीम ने ग्रामीणों को मेले के उद्देश्य और उसकी गतिविधियों की जानकारी दी। ग्रामीणों ने भी अभियान में रुचि दिखाते हुए मेले को लेकर उत्साह व्यक्त किया। टीम का उद्देश्य बापू बाजार के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाकर मेले में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने अपने सन्देश कहा कि “बापू बाजार केवल एक मेला नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। विश्वविद्यालय चाहता है कि इसका संदेश परिसर तक सीमित न रहे, बल्कि आसपास के गांवों और आमजन तक पहुंचे। जनसंपर्क अभियान इसी उद्देश्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी से बापू बाजार को जनसरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों की सहभागिता इस पहल को और सार्थक बनाएगी।
जनसंपर्क अभियान में प्रो. हसीन खान, डॉ. परमानंद पाण्डेय, डॉ. रोहित पाण्डेय, डॉ. सचिन राय, डॉ. आशुतोष पाण्डेय, भंवर लाल सेनचा, लक्ष्मीकांत, रंजन कुमार और आयुष वर्मा शामिल रहे!