झाँसी। विश्व अंतरिक्ष सप्ताह के अवसर पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झाँसी के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आई.ई.टी.) में 7 से 10 अक्टूबर तक चार दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन में विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, जैव-प्रौद्योगिकी, नवाचार और वैज्ञानिक सोच से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम का आयोजन प्रो. एम.एम. सिंह, डीन एवं प्रो. डी.के. भट्ट, निदेशक के निर्देशन में बायोटेक्नोलॉजी विभाग के शिक्षकों और विद्यार्थियों द्वारा किया जा रहा है।

चार दिवसीय कार्यक्रम के प्रथम दिन स्पेस क्राफ्ट, दूसरे दिन स्पेस क्विज, तीसरे दिन स्पेस मॉडल प्रदर्शनी तथा अंतिम दिन पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। मॉडल प्रदर्शनी में विद्यार्थी अंतरिक्ष विज्ञान और जैव-प्रौद्योगिकी से जुड़े अभिनव एवं वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत करेंगे।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा, शोध प्रवृत्ति, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करना है। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और नए विचारों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

आयोजन को सफल बनाने में डॉ. बृजेंद्र कश्यप, डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. मुकुल सक्सेना, इंजी. दिनेश द्विवेदी एवं डॉ. आनंद कुमार पांडेय महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम के संचालन एवं समन्वय में सउद अहमद खान, श्रुति शुक्ला, सोनाली सक्सेना, साक्षी मद्धेशिया, वर्षा सिंह एवं अभिषेक यादव की टीम सक्रिय है।

प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। यह आयोजन विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।