ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की सहायक प्राध्यापक एवं प्रभारी डॉ. रुचिता सुजय चौधरी को यूनेस्को मीडिया एंड इनफार्मेशन लिटरेसी (MIL) एलायंस की सदस्यता प्रदान की गई है। मीडिया एवं सूचना साक्षरता के क्षेत्र में सक्रिय योगदान के लिए मिली यह सदस्यता डॉ. रुचिता की उपलब्धि के साथ-साथ भाषा विश्वविद्यालय के लिए भी महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि मानी जा रही है।

यूनेस्को मीडिया एंड इनफार्मेशन लिटरेसी एलायंस विश्व स्तर पर मीडिया एवं सूचना साक्षरता को बढ़ावा देने, डिजिटल युग में नागरिकों में आलोचनात्मक सोच विकसित करने, विश्वसनीय सूचना की पहचान और जिम्मेदार मीडिया उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए कार्य करने वाला प्रमुख वैश्विक मंच है।

डॉ. रुचिता सुजय चौधरी ने मीडिया एवं सूचना साक्षरता को विद्यार्थियों और आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। उनके सेंटर फॉर मीडिया एंड इनफार्मेशन लिटरेसी के माध्यम से लखनऊ, सीतापुर, बरेली और बाराबंकी सहित विभिन्न जिलों के 40 से अधिक विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों एवं मीडिया प्रोफेशनल्स के लिए मीडिया लिटरेसी टूलकिट, मीडिया साक्षरता पाठ्यक्रम तथा एआई रेडिनेस से जुड़ी शैक्षणिक पहलें भी विकसित की हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने गूगल एवं Asian Development Bank के सहयोग से आयोजित AI for Digital Readiness & Advancement कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त किया है।

वह फैक्ट-चैकिंग एवं सूचना सत्यापन के क्षेत्र में प्रमाणित प्रशिक्षक के रूप में भी कार्य कर रही हैं. यूनेस्को MIL एलायंस से जुड़ने के बाद डॉ. रुचिता को विभिन्न देशों के शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, मीडिया विशेषज्ञों और संस्थाओं के साथ संवाद तथा ज्ञान-विनिमय का अवसर मिलेगा। इससे मीडिया साक्षरता, डिजिटल नागरिकता, एआई रेडिनेस, फैक्ट-चैकिंग और जिम्मेदार डिजिटल संचार के क्षेत्र में संयुक्त शोध, प्रशिक्षण एवं अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सहयोग की संभावनाएं बढ़ेंगी। इसका लाभ विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों तक पहुंचाने के साथ वैश्विक स्तर की नई शिक्षण-पद्धतियों एवं सर्वोत्तम प्रथाओं को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने का अवसर भी मिलेगा।

डॉ. रुचिता की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि मीडिया एवं सूचना साक्षरता डिजिटल युग की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। डॉ. रुचिता की यूनेस्को MIL एलायंस में सदस्यता भाषा विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है और इससे विश्वविद्यालय के मीडिया साक्षरता, एआई रेडिनेस एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिकता से जुड़े प्रयासों को वैश्विक मंच पर नई पहचान और दिशा मिलेगी।