विश्व खाद्य दिवस पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में दिखेगा नवाचार और उद्यमिता का संगम
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में विश्व खाद्य दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 15 एवं 16 अक्टूबर को दो दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी एवं इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थी खाद्य नवाचार, उद्यमिता, पोषण एवं सतत विकास से जुड़े अपने विचार और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
‘इनोवेट टुडे, नरिश टुमॉरो’ थीम पर आधारित आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को खाद्य प्रौद्योगिकी की नई संभावनाओं से परिचित कराने के साथ सुरक्षित, पौष्टिक और टिकाऊ खाद्य प्रणालियों के प्रति जागरूक करना है।
इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी के विभागाध्यक्ष एवं आईईटी के निदेशक प्रो. डी.के. भट्ट ने बताया कि इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षणिक ज्ञान को व्यावहारिक कौशल, नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों में नई सोच विकसित होने के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी मजबूत होगी।
दो दिवसीय आयोजन के अंतर्गत ‘फूडप्रेन्योर 2026’ स्टार्टअप पिच चैलेंज में विद्यार्थी खाद्य क्षेत्र से जुड़े अपने व्यावसायिक विचार प्रस्तुत करेंगे। ‘एआई4फूड’ में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से खाद्य क्षेत्र की समस्याओं के समाधान तलाशे जाएंगे। इसके अतिरिक्त पोस्टर प्रेजेंटेशन, फूडटून्स कार्टून प्रतियोगिता और फूडआईक्यू क्विज के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं तकनीकी ज्ञान को प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा जागरूकता रैली, रंगोली प्रतियोगिता, स्टूडेंट फूड स्टॉल, पाककला प्रतियोगिता और फूडरील जैसी गतिविधियां भी होंगी। विद्यार्थी लघु वीडियो के माध्यम से पोषण, खाद्य सुरक्षा और सतत विकास का संदेश देंगे। वहीं, जरूरतमंदों के लिए वस्त्र वितरण कार्यक्रम आयोजित कर सामाजिक सरोकारों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र तथा विजेताओं को नकद पुरस्कार, पदक एवं ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में नवाचार और स्वरोजगार की संभावनाओं को प्रोत्साहित करने के साथ समाज को सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन के प्रति जागरूक किया जाएगा।