झांसी। स्वस्थ शरीर और एकाग्र मन के लिए नियमित योग, ध्यान और व्यायाम को जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है। इसी उद्देश्य से बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ एवं फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित सात दिवसीय योग, ध्यान और एरोबिक्स प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हुआ। शिविर में विश्वविद्यालय के छह महिला छात्रावासों की छात्राओं ने योग और एरोबिक्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन और अनुशासन के लिए आठ छात्राओं को सम्मानित किया गया।

विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग की योग प्रशिक्षिका डॉ. रूपम सक्सेना के नेतृत्व में 11 अक्टूबर से शुरू हुए शिविर में छात्राओं को सुबह योग एवं ध्यान तथा शाम को एरोबिक्स का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें पीजी गर्ल्स हॉस्टल, वीरांगना झलकारी बाई, अहिल्याबाई, समता, वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई और एनेक्सी महिला छात्रावास की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

डॉ. रूपम सक्सेना ने ‘अथ योगानुशासनम्’ सूत्र से योगाभ्यास की शुरुआत कराई। उन्होंने छात्राओं को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, उष्ट्रासन, वीरासन, पश्चिमोत्तानासन, मंडूकासन, भुजंगासन, नौकासन और धनुरासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। साथ ही ओम उच्चारण, कायोत्सर्ग और प्रेक्षा ध्यान की वैज्ञानिक विधियों से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और तनाव प्रबंधन में भी सहायता मिलती है।

सायंकालीन एरोबिक्स सत्र में संगीत की धुन पर छात्राओं ने स्क्वाट, जंपिंग, वी-स्टेप, हाई नीज, कार्डियो, स्ट्रेचिंग और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग का अभ्यास किया। डॉ. सक्सेना ने बताया कि एरोबिक्स शरीर की कार्यक्षमता, लचीलापन, सहनशक्ति और समन्वय क्षमता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रो. मुन्ना तिवारी ने छात्राओं को आयुर्वेद के अनुसार संतुलित एवं पौष्टिक आहार की उपयोगिता बताई। उन्होंने कहा कि योग, नियमित व्यायाम और उचित खानपान स्वस्थ जीवन के महत्वपूर्ण आधार हैं। छात्राओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाना ही इस प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य है।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आठ छात्राओं का सम्मान

शिविर के समापन पर अनुशासन और श्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर बीबीए की आस्था ठाकुर, बीएससी फॉरेंसिक साइंस की कनिका, बीपीटी की आकांक्षा सोनी, बीएससी जैव प्रौद्योगिकी की महक मिश्रा, एमफार्म की अंजली यादव, एमएससी फॉरेंसिक साइंस की रहनुमा खान, एमएससी रसायन विज्ञान की अंजली तथा आईटीईपी की प्रिया प्रकाश को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में छात्रावास वार्डन डॉ. दीप्ति सिंह, डॉ. ज्योति कुमारी मिश्रा, डॉ. ममता सिंह, डॉ. सुमिरन श्रीवास्तव, डॉ. शिप्रा, डॉ. श्वेता पांडे और डॉ. अचला पांडे का विशेष सहयोग रहा। मनोविज्ञान की शोधार्थी आयुषि सक्सेना ने संगीत व्यवस्था तथा प्रिया प्रकाश ने फोटोग्राफी में सहयोग किया।