भाषा विवि ने राजकीय बालगृह (बालिका) में आवश्यक वस्तुएँ वितरित कर दिया सहयोग का संदेश
ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत राजकीय बालगृह (बालिका) में आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया गया। कुलपति प्रो. अजय तनेजा के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं की आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशीलता प्रदर्शित करने के साथ उनके कल्याण एवं सामाजिक सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा कि “बालिकाओं का संरक्षण, सम्मान और सशक्तीकरण एक संवेदनशील एवं समावेशी समाज की आधारशिला है। बालिकाओं की आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए उनके सुरक्षित और बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। मिशन शक्ति के अंतर्गत इस प्रकार की पहल सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करती हैं।” कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं की सुरक्षा, संरक्षण, सम्मान एवं सशक्तीकरण के महत्व को रेखांकित किया गया। आवश्यक वस्तुओं का वितरण जरूरतमंद बालिकाओं के प्रति सहयोग और संवेदनशीलता का संदेश देने की दिशा में एक सार्थक पहल रही। विश्वविद्यालय द्वारा महिला एवं बालिका सशक्तीकरण, सुरक्षा तथा सामाजिक कल्याण से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से समावेशी समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. नलिनी मिश्रा रहीं। इसके सफल आयोजन में डॉ. राज कुमार सिंह एवं डॉ. पीयूष त्रिवेदी का विशेष योगदान रहा।