ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग द्वारा Cloudemy Digital Technologies Pvt. Ltd. के सहयोग से ‘Build Mobile Apps with AI’ विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से मोबाइल एप्लिकेशन बनाने की आधुनिक तकनीकों और उनके व्यावहारिक उपयोगों की जानकारी दी गई।

सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों को एआई आधारित मोबाइल एप्लिकेशन डेवलपमेंट, वाइब कोडिंग, विभिन्न एआई टूल्स के उपयोग तथा आधुनिक सॉफ्टवेयर विकास तकनीकों से परिचित कराया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि एआई टूल्स की सहायता से एप्लिकेशन निर्माण की प्रक्रिया को अधिक सरल, तेज और प्रभावी बनाया जा सकता है। इस प्रशिक्षण से विद्यार्थियों को उभरती तकनीकों को समझने और अपने तकनीकी कौशल को विकसित करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष एवं प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. सुमन कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों को तकनीकी क्षेत्र में निरंतर सीखने, नवाचार अपनाने और उद्योग की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप अपनी दक्षता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि व्यावहारिक ज्ञान और तकनीकी कौशल विद्यार्थियों के बेहतर करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समन्वयन विभाग के सहायक आचार्य अमन मिश्रा एवं अंकिता अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर Cloudemy Digital Technologies Pvt. Ltd. की ओर से विद्यार्थियों का तकनीकी असेसमेंट भी आयोजित किया गया। असेसमेंट में प्रदर्शन के आधार पर कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के तीन विद्यार्थियों का कंपनी में निःशुल्क इंटर्नशिप के लिए चयन किया गया।