झांसी। पुलिस की वर्दी केवल अधिकार का प्रतीक नहीं, बल्कि संविधान की रक्षा और समाज की सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व भी है। पुलिस सेवा में चयनित युवाओं को ईमानदारी, संवेदनशीलता और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। यह बात बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के प्रो. मेजर सुनील काविया ने भगत सिंह फिजिकल अकादमी की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कही।

झांसी के हाथी ग्राउंड में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती में चयनित अकादमी के 128 अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया। अकादमी ने इस भर्ती में बुंदेलखंड क्षेत्र में सर्वाधिक चयन कराने का दावा किया है।

मुख्य अतिथि प्रो. मेजर सुनील काविया ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि पुलिस सेवा में चयन केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का आचरण ऐसा होना चाहिए, जिससे आम नागरिकों का कानून और पुलिस व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत हो। उन्होंने युवाओं से संविधान के मूल्यों का सम्मान करते हुए निष्पक्षता, कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

अकादमी के निदेशक एवं कोच शिवी फौजी ने कहा कि कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास और अनुशासन ही सफलता की असली कुंजी है। चयनित 128 अभ्यर्थियों ने अपनी मेहनत से न केवल अपने परिवार, बल्कि अकादमी और पूरे बुंदेलखंड का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि अकादमी में उत्तर प्रदेश पुलिस, सेना, नौसेना, वायुसेना और एसएससी जीडी सहित विभिन्न सुरक्षा सेवाओं में भर्ती के लिए शारीरिक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जाता है।

समारोह के दौरान चयनित अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर अभिभावकों, प्रशिक्षकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उपस्थित होकर चयनित युवाओं की सफलता पर खुशी जताई। कार्यक्रम का समापन सभी अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।