आजमगढ़। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ परिसर में अंतर महाविद्यालयी बास्केटबॉल चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महिला वर्ग में विश्वविद्यालय की टीम और पुरुष वर्ग में डीएवी महाविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी। प्रतियोगिता का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार के मार्गदर्शन में तथा क्रीड़ा सचिव प्रो. अमरजीत के निर्देशन में किया गया। चयन प्रक्रिया प्रो. प्रशांत राय, प्रो. अर्पिता मिश्रा एवं डॉ. हरिलाल की देखरेख में संपन्न हुई।

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी ने बताया कि प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि सहायक कुलसचिव चंदन कुमार ने किया। इस अवसर पर क्रीड़ा सचिव प्रो. अमरजीत ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कुलपति की प्रेरणा से आयोजित इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उनमें प्रतिस्पर्धा और टीम भावना का विकास करती हैं।

डॉ. हरिलाल ने कहा कि खेल शारीरिक ऊर्जा के साथ मानसिक सजगता और त्वरित निर्णय क्षमता का भी विकास करते हैं। वहीं, प्रो. अर्पिता मिश्रा ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन के साथ चरित्र निर्माण का भी सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से खेल भावना को सर्वोपरि रखते हुए अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता प्रारंभ होने से पूर्व आयोजन सचिव अजय कुमार वर्मा ने मुख्य अतिथि का खिलाड़ियों से परिचय कराया और खेल की तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर रेफरी के रूप में नवल किशोर, नागेंद्र, किशन एवं शिवानंद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में डॉ. जयप्रकाश यादव, भूपेंद्र पांडेय, विश्वविद्यालय टीम के कोच सौरभ सिंह, डीएवी के कोच डॉ. युगांत सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं प्रतियोगिता की गतिविधियों का सजीव विवरण डॉ. युगांत उपाध्याय ने प्रस्तुत किया।