**कुलपति ने प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित, विद्यार्थियों के अनुशासन और समर्पण की सराहना**
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के विद्यार्थियों ने खेल के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। पुलिस लाइन, आजमगढ़ में आयोजित ताइक्वांडो बेल्ट प्रमोशन टेस्ट में विश्वविद्यालय के 16 विद्यार्थियों ने सफलतापूर्वक परीक्षा उत्तीर्ण की। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने सभी सफल विद्यार्थियों को अपने कर-कमलों से प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ताइक्वांडो जैसे मार्शल आर्ट से न केवल आत्मरक्षा का कौशल विकसित होता है, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, धैर्य और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके नियमित अभ्यास, कठिन परिश्रम और समर्पण का परिणाम है।
उन्होंने सभी सफल प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है।
विश्वविद्यालय परिवार ने सभी 16 सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी खेल के क्षेत्र में विश्वविद्यालय और जनपद का नाम रोशन करेंगे।