बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के संस्कृत एवं वैदिक अध्ययन विभाग की ओर से डॉ. बिपिन कुमार झा के मुख्य अन्वेषकत्व में तीन महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं शोध परियोजनाओं की समीक्षा बैठकों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य राज कुमार मित्तल ने की। इस अवसर पर संस्कृत एवं भारतीय विद्याध्ययन पीठ के अध्यक्ष प्रो. रामपाल गंगवार का मार्गदर्शन, संस्कृत एवं वैदिक अध्ययन विभाग के अध्यक्ष प्रो. रिपुसूदन सिंह एवं परियोजना समन्वयक डॉ. बिपिन कुमार झा का समन्वय प्राप्त हुआ। बैठक का उद्देश्य विश्वविद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं शोध परियोजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों और भावी कार्ययोजनाओं की समीक्षा करना तथा उन्हें निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामोन्मुख बनाना था।

            इस दौरान बीबीएयू , जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, वैज्ञानिक तथा तकनीकी शब्दावली आयोग, सावित्रीबाई फुले महाविद्यालय, बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान, जीडी गोयनका विश्वविद्यालय, गुरुग्राम तथा लखनऊ विश्वविद्यालय के विषय-विशेषज्ञों और विद्वानों ने हाइब्रिड माध्यम से सहभागिता की।

           कार्यक्रम के अंतर्गत वैज्ञानिक तथा तकनीकी शब्दावली आयोग (CSTT), विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) एवं केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय (CSU) द्वारा वित्तपोषित एवं प्रायोजित तीन परियोजनाओं की समीक्षा की गई।

          इनमें वैज्ञानिक एवं तकनीकी शब्दावली के निर्माण एवं मानकीकरण, संस्कृत काव्यशास्त्र के परिप्रेक्ष्य में सौन्दर्यशास्त्र विषय पर शिक्षण मॉड्यूल के विकास तथा भारतीय ज्ञान परम्परा में उपलब्ध ज्ञान एवं प्राचीन प्रविधियों के आधुनिक तकनीकी के माध्यम से संरक्षण एवं डिजिटलीकरण से संबंधित परियोजनाएं शामिल रहीं।

         शब्दावली निर्माण एवं मानकीकरण परियोजना के अंतर्गत अंग्रेजी, हिन्दी एवं संस्कृत भाषाओं में वैज्ञानिक एवं तकनीकी शब्दावली के निर्माण तथा मानकीकरण पर चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने तैयार शब्दावली की प्रामाणिकता, भाषिक शुद्धता एवं व्यावहारिक उपयोगिता को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। वहीं, यूजीसी द्वारा वित्तपोषित 'सौन्दर्यशास्त्रम् : काव्यशास्त्रीयपरिप्रेक्ष्ये' परियोजना के अंतर्गत तैयार किए गए 40 शिक्षण मॉड्यूल की समीक्षा की गई। संस्कृत एवं अंग्रेजी भाषा में विकसित इन मॉड्यूल का उपयोग स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएच.डी. स्तर के विद्यार्थियों के लिए किया जाएगा। इन्हें SWAYAM एवं MOOCs के माध्यम से शैक्षणिक उपयोग में लाने की योजना है। इसी क्रम में केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के सहयोग से संचालित टेक्नोलॉजी एडॉप्टेशन परियोजना के अंतर्गत भारतीय ज्ञान परम्परा, विशेष रूप से उपनिषदों में उपलब्ध ज्ञानपरक एवं नीतिपरक सामग्री के संकलन, अध्ययन और डिजिटलीकरण पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही प्राचीन भारतीय अध्ययन एवं अध्यापन प्रविधियों की पहचान, उनके आधुनिक उपयोग तथा इस दिशा में कार्यशालाओं के आयोजन की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। समीक्षा बैठकों में विशेषज्ञों ने तीनों परियोजनाओं के अंतर्गत अब तक हुए कार्यों एवं उपलब्धियों का मूल्यांकन करते हुए शोध की प्रामाणिकता, विषयवस्तु की गुणवत्ता, तकनीकी अनुकूलन, डिजिटलीकरण एवं शैक्षणिक उपयोगिता को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव प्रस्तुत किए। इस  दौरान विभिन्न प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थानों एवं विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञों के बीच अकादमिक संवाद, ज्ञान-विनिमय एवं पारस्परिक सहयोग को भी बढ़ावा मिला। यह आयोजन भारतीय ज्ञान परम्परा, संस्कृत अध्ययन एवं आधुनिक तकनीक के समन्वय से शोध एवं शिक्षण के नए आयाम विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।