ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के वाणिज्य विभाग द्वारा  कुलपति प्रो. अजय तनेजा की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में “Recent Trends of Research in Commerce and Management” विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग स्थित सेमिनार हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में लखनऊ विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष प्रो. अरविंद कुमार तथा सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग के प्रो. अखिलेश दीक्षित ने विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को अनुसंधान की नवीन प्रवृत्तियों और गुणवत्तापूर्ण शोध की प्रक्रिया पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. नीरज शुक्ला के स्वागत एवं परिचयात्मक उद्बोधन से हुआ। उन्होंने अतिथि वक्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शोध के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए नवीन शोध प्रवृत्तियों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और अनुसंधान की आधुनिक पद्धतियों से परिचित होना आवश्यक है।प्रथम वक्ता प्रो. अरविंद कुमार ने वाणिज्य एवं प्रबंधन के क्षेत्र में शोध की नवीन संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए एक उत्कृष्ट अनुसंधान के विभिन्न पहलुओं को समझाया। उन्होंने शोध समस्या के चयन, स्पष्ट उद्देश्यों के निर्धारण, साहित्य समीक्षा और उपयुक्त शोध पद्धति के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम एक शोधकर्ता की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

शोध में मौलिक चिंतन, धैर्य, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के साथ गुणवत्ता एवं शोध नैतिकता का पालन भी अनिवार्य है। दूसरे वक्ता प्रो. अखिलेश दीक्षित ने प्रभावी एवं व्यवस्थित अनुसंधान की व्यावहारिक प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने शोध विषय के चयन, शोध प्रारूप तैयार करने, आंकड़ों के संकलन एवं विश्लेषण तथा शोध निष्कर्षों की प्रभावी प्रस्तुति के विभिन्न चरणों की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक सफल शोध के लिए तार्किक विश्लेषण, स्पष्ट कार्ययोजना और निष्कर्षों की विश्वसनीयता अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. नीरज शुक्ला ने दोनों अतिथि वक्ताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. मनीष कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कुलपति प्रो. अजय तनेजा के मार्गदर्शन, अतिथि वक्ताओं के ज्ञानवर्धक व्याख्यान तथा आयोजन में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. मनीष कुमार, डॉ. ज़ैबुन निसा, सुश्री अफरीन फातिमा, डॉ. अनुभाव तिवारी, डॉ. मृदुल सोनी, डॉ. पूजा मिश्रा, डॉ. उमा कांत, श्री रंजीत वर्मा, डॉ. रश्मि पांडेय एवं डॉ. संदीप कौर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।