झाँसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के भूविज्ञान विभाग में स्थापना के 27 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित स्थापना माह समारोह के अंतर्गत शुक्रवार को ‘भूविज्ञान में करियर: छात्र-पूर्व छात्र संवाद एवं करियर तथा शोध मार्गदर्शन’ विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें विभाग के पूर्व छात्रों ने विद्यार्थियों को भूविज्ञान के क्षेत्र में रोजगार, अनुसंधान और करियर की संभावनाओं से अवगत कराते हुए अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम में विभाग के पूर्व छात्र एवं अल्ट्राटेक सीमेंट के मैनेजर अद्वय सक्सेना तथा वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. समीर तिवारी मुख्य वक्ता रहे। दोनों विशेषज्ञों ने स्नातक एवं परास्नातक विद्यार्थियों को भूविज्ञान के औद्योगिक एवं अनुसंधान क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने अपने व्यावसायिक और शोध अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को करियर निर्माण के लिए आवश्यक ज्ञान, कौशल और निरंतर परिश्रम के महत्व से अवगत कराया।

विभागाध्यक्ष प्रो. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि खनिज संपदा से समृद्ध बुंदेलखंड क्षेत्र देश के आर्थिक विकास और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विभाग की 27 वर्षों की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि निरंतर शैक्षणिक प्रयासों और शोध कार्यों के माध्यम से विभाग ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

प्रो. सिंह ने बताया कि भू विज्ञान विभाग के लिए यह गौरवमय क्षण है जिसमें 2 से 30 नवंबर तक स्थापना माह मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों, शोधार्थियों, स्कूली बच्चों और आमजन के लिए विभिन्न शैक्षणिक, ज्ञानवर्धक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रो. एम.एम. सिंह, डॉ. चेतन आनंद दुबे और डॉ. प्रतिज्ञा पाठक सहित विभाग के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।