ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय की रोवर्स एंड रेंजर्स यूनिट द्वारा विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कल्पनाशीलता एवं अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कहानी सुनाने की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा के संरक्षण एवं रोवर्स एंड रेंजर्स के नोडल अधिकारी डॉ. उधम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के 15 रोवर्स एवं रेंजर्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता का आयोजन ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से किया गया। ऑफलाइन प्रतिभागियों ने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक भवन स्थित कक्ष संख्या 301 में अपनी प्रस्तुतियाँ दीं। कार्यक्रम में रोवर्स एंड रेंजर्स के नोडल अधिकारी डॉ. उधम सिंह, रेंजर्स प्रभारी डॉ. युसैरा अहमद, डॉ. अनामिका सिंह एवं डॉ. माधुरी चौहान उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता का विषय ‘प्रेरणादायक कहानियाँ’ रखा गया था। प्रतिभागियों ने हिंदी, अंग्रेजी एवं उर्दू में तीन-तीन मिनट की कहानियाँ प्रस्तुत कीं। प्रतियोगिता की विशेषता यह रही कि प्रतिभागियों ने बिना किसी लिखित सामग्री अथवा मोबाइल फोन की सहायता के अपनी स्मरण शक्ति और मौलिक अभिव्यक्ति के आधार पर कहानियाँ सुनाईं। प्रस्तुतियों में साहस, ईमानदारी, दया, दृढ़ संकल्प, देशभक्ति एवं नैतिक मूल्यों जैसे विषय प्रमुख रहे। प्रतिभागियों ने आवाज के उतार-चढ़ाव, प्रभावशाली हाव-भाव और सहायक सामग्री के माध्यम से अपनी कहानियों को जीवंत बनाया। कार्यक्रम के अंत में संवाद एवं फीडबैक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए। इस आयोजन ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, सार्वजनिक अभिव्यक्ति, बहुभाषायी संवाद क्षमता और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करने के साथ रोवर्स एवं रेंजर्स के बीच सहयोग एवं टीम भावना को भी मजबूत किया।